शनिवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक अपने दोस्त के साथ उसकी बहन के यहां से करवाचौथ की पूजा का सामान देकर रतनपुर रसूलाबाद लौट रहा था। युवक की तीन माह पहले शादी हुई थी। त्योहार के दिन उसकी मौत होने से घर में कोहराम मच गया। जबकि, उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सीएचसी से हैलट रेफर कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव निवासी राजवीर का पुत्र गोलू (18) अपने दोस्त जीतू (21) के साथ बाइक से बहन पिंकी की सुसराल भड़पुरवा कन्नौज गया था। वहां पर करवाचौथ की पूजा का सामान देकर वह शनिवार को लौट रहे थे। देर शाम याकूबपुर गांव के पास तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना देने के साथ घायलों को सीएचसी भेजा। वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गंभीर हालत में हैलट रेफर कर दिया गया। हैलट ले जाते समय रास्ते में जीतू की मौत हो गई। प्रभारी एसओ रणजीत सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
पहला करवाचौथ न मना सकी पारुल
रसूलाबाद। शनिवार को सड़क हादसे में मौत का शिकार हुए जीतू की शादी तीन माह पहले वाजीनगर उन्नाव निवासी पारुल संग हई थी। शादी के बाद पड़े पहले करवाचौथ को पारुल बहुत खुश थी। हाथों में मेहंदी लगाने के साथ वह व्रत की तैयारी कर रही थी। अचानक इस हृदयविदारक घटना ने उसके जिदंगी में तूफान ला दिया। पति की लंबी आयु के लिए होने वाले इस पर्व के एक दिन पहले उसका सुहाग उजड़ गया। मौत की जानकारी पर पत्नी पारुल, मां विभा व पिता शिवनरेश बेहाल दिखे। खबर पाकर गांव पहुंचे मृतक के ससुरालीजन अपनी पुत्री का सुहाग उजड़ा देखकर फूट-फूट कर रो पड़े।