कुश्ती में दांवपेंच आजमाते पहलवान।
- फोटो : अमर उजाला
दुर्गापुरवा गांव में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में विभिन्न प्रदेशों से आए पहलवानों ने अपने दांवपेंच दिखाए और कुश्तियां जीतीं। कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ औरैया जिला पंचायत अध्यक्ष राजवीर सिंह ने किया।कुश्ती में आए पहलवानों के दांवपेंच देखकर लोग रोमांचित हो उठे।
कुश्ती में शंकर थापा नेपाल ने राजस्थान के रिका को हराया। एटा के राजा ने सुनाता के प्रदीप को, दिल्ली के विक्की पहलवान ने मद्रास के शक्ति कपूर को, झांसी के अंकित ने हाथरस के विवेक को, भारामऊ के मोनू ने सबलपुर के सोबित को, झींझक के छोटा ने शिवली के संजय को, रवी कठरा ने शिवली के अतुल को व छतरसा के डीके पहलवान ने एटा के राजा को हराया।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि सिंह ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में ऐसी प्रतियोगिताएं होती रहनी चाहिए। इससे युवाओं में खेल के प्रति रुचि बनी रहे। वहीं क्षेत्रीय विधायक शिवकुमार बेरिया ने कहा कि अब खेल में भी युवा कैरियर बना सकते हैं। खेलकूद से युवाओं में छिपी प्रतिभा में निखार आता है।
कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं को खेल कोटे से नौकरी के अवसर दिए गए हैं। इस दौरान चेयरमैन राजकुमार यादव प्रभारी निरीक्षक थाना मंगलपुर एसके वैश्य, चौकी प्रभारी झींझक संतोष कुमार आर्य, अमित यादव, एलपी श्रीवास्तव, शंकर यादव, आयोजक ग्राम प्रधान पति संजय यादव आदि मौजूद रहे।