जनसभा को संबोधित करती डिंपल यादव।
सपा की स्टार प्रचारक व सांसद डिंपल यादव ने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर एक करोड़ गरीब महिलाओं को प्रति माह एक हजार रुपये पेंशन दी जाएगी। गुरुवार को उन्होंने झींझक कसबे में आयोजित रसूलाबाद विधानसभा सीट के प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।
उन्होंने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अच्छे दिनों का वादा कर प्रदेश में जनता का वोट लेने वाली भाजपा ने वादा किया था कि काला धन वापस लाएंगे और सभी गरीबों के खातों में 15-15 लाख रुपया डाला जाएगा। लेकिन नोट बंदी कर गरीब महिलाओं ने जो जमा पूंजी अपने पास रखी थी, वह भी बैंक में डलवा दी। कहा कि सपा ने प्रदेश के 18 लाख छात्रों को लैपटाप दिए थे, भाजपा उन्हें झुनझुना बता रही थी। अब लैपटाप देने का वादा कर रही है।
बसपा पर सियासी वार करते हुए कहा कि वह पत्थरों वाली सरकार है। सभा में सांसद जया बच्चन ने कहा किे उप्र की सपा सरकार ने सड़कों पर साइकिल को चलाने के लिए भी स्थान दिया है। यह पूरे देश में कहीं नहीं है।
अंत में उन्होंने कहा कि नो कनफ्यूजन, नो मिस्टेक केवल अखिलेश। इस दौरान एमएलसी दिलीप सिंह यादव, एजरीना उस्मानी, सुरेश यादव, सीमा सचान, अकील अहमद, गुड्डू यादव, राजकुमार यादव, हाजी फैजान खान, रवींद्र पालीवाल आदि रहे।