साढ़ पुलिस चौकी क्षेत्र के महनीपुर गांव के बाहर खेत में महिला की लाश मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाना आया है। घटना को हादसे का रूप देने के लिए शव को कीचड़ में फेंक दिया गया था।
एसओ ने बताया कि मायके वालों से तहरीर मिलते ही हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। मालूम हो कि साढ़ कस्बे के महनीपुर गांव निवासी रणविजय यादव की पत्नी बिटोला (26) बुधवार की शाम घर से लापता थी।
गुरुवार सुबह गांव के बाहर एक खेत में उसका शव खेत में कीचड़ में सना हुआ पड़ा मिला था। शव की बरामदगी के बाद ससुराल वालों ने बिटोला को सांड़ अथवा नीलगाय द्वारा हमला कर मार देने की अफवाह फैलाई।
बिटोला के मायके मेरापुर (हमीरपुर) से भाई ज्ञानसिंह यादव और अन्य लोग महनीपुर पहुंचे तोे हालात देखकर भड़क गए। उन्होंने हत्या कर लाश कीचड़ में फेंके जाने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया।
जांच को पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मामला संदिग्ध पाया। घाटमपुर एसओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बिटोला की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।
अभी मृतका के मायके वालों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है। परिवार के अन्य सदस्य फरार हो गए हैं।