बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के गांगूपुर गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अंतिम संस्कार की सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने हंगामा कर ससुराली जनों पर जहर देकर मारने का आरोप लगा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जीटी रोड स्थित गांगूपुर गांव में विवाहिता की मौत पर मायके और ससुराली जनों के बीच शुक्रवार की देररात विवाद हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को किसी तरह शांत कराया।
कोतवाली प्रभारी जीवाराम यादव ने बताया कि गांव के फूलचंद्र उर्फ पुत्तन की पत्नी लक्ष्मी (28) की शुक्रवार देरशाम मौत हो गई। ससुरालीजनों ने बताया कि पुत्तन दिल्ली में नौकरी करता है जबकि लक्ष्मी दो बच्चों के साथ गांव में रहती है।
लक्ष्मी को कई दिनों से बुखार था, वह दवा ले रही थी। लेकिन शुक्रवार को अचानक हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई।
इधर, अंतिम संस्कार की सूचना पर हरदोई से मायके पक्ष के लोग पहुंचे। गांव पहुंचते ही हंगामा करना शुरू कर दिया।
मृतका के भाई हरदोई निवासी गोपीशरन ने बताया कि बहन की जहर देकर हत्या की गई है, ससुराली जन कई दिनों से प्रताड़ित कर रहे थे।