सुप्रीम कोर्ट आदेश के बाद हाईवे से शराब की दुकानें हटाकर बस्तियों में शिफ्ट करने के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन जारी है। शनिवार को महिला पतंजलि योगपीठ समिति की महिलाओं ने तहसील में प्रदर्शन कर प्रशिक्षु एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने ठेके न हटने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
शनिवार को कस्बा में शराब ठेका के विरोध में महिला पतंजलि योगपीठ समिति की डा. पुष्पा शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने हाथ में तख्ती व झंडे लेकर जुलूस निकाला। महिलाएं भारत को स्वच्छ बनना है, शराब बंद करानी है आदि नारे लगा रही थी। तेज धूप की तपन भी शराब ठेके का विरोध कर रही महिलाओं के आक्रामक अंदाज के सामने नहीं टिक रही थी। नारेबाजी करती हुई महिलाएं तहसील परिसर पहुंची।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने प्रशिक्षु एसडीएम/तहसीलदार को कस्बा से सभी शराब ठेका हटाए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रशिक्षु एसडीएम ने जल्द ही कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर किरन गुप्ता, माया, शांति, सुनीता, गीता, संगीता, विद्या, विमला, ननकी, रेनू, कुलदीप आर्या आदि मौजूद रहीं।
इनसेट-
महिलाओं को देखकर शाप बंद कर भागा सेल्समैन
कानपुर देहात।
शराब के मामले में महिलाओं का खौफ है। शनिवार को ज्ञापन देने तहसील जा रही महिलाओं को देखकर माती रोड पर स्थित मॉडल शॉप का सेल्समैन दुकान शटर गिराकर भाग निकला। किसी ने कह दिया था कि मॉडल शॉप पर धावा बोलने के लिए महिलाएं आ रही हैं। बता दें कि आजकल जगह जगह शराब बंदी का आंदोलन चल रहा है। शुक्रवार को अकबरपुर कोतवाली के लालपुर गांव स्थित अंग्रेजी, देशी, बियर शराब ठेका पर आक्रामक अंदाज में घूंघट वाली महिलाओं ने तोड़फोड़ कर लाखों की शराब नष्ट कर दी थी।