पुलिस चौकी साढ़ के गांव मोहम्मदपुर में एक महिला ने पति से झगड़ने के बाद आग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर मृतका के मायके वाले आए। उन्होंने मौत को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया और महिला के पति को पकड़ पीट दिया।
महिला छन्नो उर्फ शिवदेवी (35) का पति रामकुमार निशक्त है। वह मनरेगा में मजदूरी करके किसी तरह पत्नी और पांच बच्चों के परिवार का पालन कर रहा था। सोमवार की दोपहर वह काम से लौटने के बाद घर पहुंचा और पत्नी से खाना मांगा। इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच बहस हो गई। जबतक रामकुमार कुछ समझ पाता छन्नो कमरे के भीतर घुस गई और अंदर से दरवाजे की कुंडी बंद कर ली।
कमरे के भीतर उसने शरीर में मिट्टी का तेल छिड़कने के बाद आग लगा ली। कमरे के भीतर से आग की लपटेें और धुआं निकलते देख रामकुमार ने शोर मचाया। पड़ोसी दौड़े और कमरे का दरवाजा तोड़कर छन्नो देवी को बाहर निकाला। तबतक वह काफी झुलस गई थी उसे अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई उससे पहले उसकी मौत हो गई।
छन्नो की मौत की सूचना पर उसके मायके देवसढ़ से लोग आए जिनमें महिलाओं की संख्या अधिक थी। उन्होंने महिला की मौत को लेकर हंगामा शुरू कर दिया और राजकुमार को पीट दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह भीड़ को समझा-बुझाकर शांत किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चौकी इंचार्ज ने बताया कि छन्नो ने पति से विवाद के बाद आग लगाकर आत्महत्या की है। बताया कि उसके मायके वालों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।