महिला आरक्षी के साथ बैठी आरोपी पत्नी नीलू।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
भीतरगांव पुलिस चौकी के पसेमा गांव में तीन दिनों पहले हुई आशू शुक्ला की हुई मौत मामले में उसकी पत्नी नीलू शुक्ला ही हत्यारी निकली। गुरुवार को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो सारा राज खुल गया। उसने बताया कि पति की जुए और शराब की लत से परेशान थी। आएदिन मारपीट भी करता था। घटना वाले दिन भी उसने मारपीट की, जिसके प्रतिशोध में उसने पति का गला कसने के बाद हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को जेल भेज दिया है।
चौकी इंचार्ज बृजेश भार्गव ने बताया कि आशू शुक्ला की लाश उसके मकान की छत पर बरामद हुई थी। उसके गले में नायलान की रस्सी लिपटी हुई थी। जबकि, उसके मुंह से झाग भी निकल रहा था। पत्नी और घरवालों ने आशू की मौत जहरीला पदार्थ खाने से होना बताया था। जबकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत गला घोटकर होना और शरीर पर चोट के निशान पाए जाने की पुष्टि हुई। जिसके आधार पर पुलिस ने मामले को अज्ञात के खिलाफ हत्या में तरमीम कर जांच शुरू की।
इधर, घटना के बाद से पत्नी नीलू शुक्ला की गतिविधियों पर संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लिया गया। जबकि, उसके ससुर राधेश्याम शुक्ला से भी पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान नीलू ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पत्नी ने बताया कि घटना वाले दिन उसके ससुर बेटी को स्कूल छोड़ने गए थे।
जबकि, उसकी सास कानपुर में थीं। तभी, उसके पति आशू ने नशे में उससे मारपीट की। बताया कि वह जुआ खेलने के लिए पैसे मांग रहा था। बताया कि बचाव में उसने पति के गले में रस्सी का फंदा कस दिया। वह बेहोश होकर गिर गया और उसकी मौत हो गई। चौकी इंचार्ज ने बताया कि गुरुवार को नीलू को जेल भेज दिया गया।