मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सांसद पत्नी डिंपल यादव के संसदीय क्षेत्र के औनहां की न्यू पीएचसी का हाल बेहाल है। यहां दो डॉक्टर, एक फार्मासिस्ट, लैब असिस्टेंट और एएनएम की तैनाती है। शनिवार को न्यू पीएचसी में कोई नहीं दिखा। डॉक्टर का काम एक वार्ड ब्वाय कर रहा है।
वीवीआईपी क्षेत्र का दर्जा पाए कन्नौज सांसद डिंपल यादव के संसदीय क्षेत्र मैथा ब्लॉक के औनहां का न्यू पीएचसी नुनारी बहादुरपुर,बड़ा गांव,भोला निवादा,कुर्मी निवादा,खलकपुर सहित आसपास गांवों के लोगों के लिए इलाज का एकमात्र साधन है। इसके बावजूद अस्पताल में लापरवाही बरती जा रही है।
शनिवार को डॉक्टर डीके दीक्षित छुट्टी पर बताए गए। फार्मासिस्ट नरेंद्र आए नहीं। लैब असिस्टेंट शेर बहादुर भी नहीं पहुंचे। एएमएम अन्नपूर्णा सैनी फील्ड पर बताई गईं। जब कि अटैच डॉक्टर संदेश कटियार के बारे में बताया गया कि वह काफी समय से नहीं आए। इस दौरान इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को वार्ड ब्वाय जयप्रकाश ने दवा दी।
ग्राम प्रधान वीरेंद्र तिवारी, अभिषेक कुमार, ओमप्रकाश मिश्रा, छोटेलाल कुरील, रवि अवस्थी ने कहा कि न्यू पीएचसी औनहां में यह रोज का नजारा है। लापरवाही चरम पर है। जिससे मरीजों को भटकना पड़ता है। कानपुर देहात के सीएमओ डॉ. आरए सिंह ने बताया कि औनहां न्यू पीएचसी में लापरवाही की जांच कराऊंगा। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।