झींझक ब्लाक के बाहर तैनात पुलिस बल।
- फोटो : अमर उजाला
झींझक ब्लाक प्रमुख के निर्विरोध चुने जाने की अटकलें शनिवार को खत्म हो गईं। दोनों प्रत्याशियों में किसी ने भी नामांकन पत्र वापस नहीं लिया। इसके चलते कड़ी सुरक्षा के बीच रविवार को मतदान होगा। जांच में दोनों प्रत्याशियों के नामांकन पत्र सही पाए गए हैं।
झींझक ब्लाक प्रमुख के उपचुनाव के लिए शुक्रवार को मंगलपुर से बीडीसी सदस्य रेनू शर्मा और जलिहापुर के बीडीसी सदस्य निखिल सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। शनिवार को नामांकनपत्र वापसी ले सकते थे, पर शाम को समय खत्म होने तक एक भी प्रत्याशी ब्लाक नहीं पहुंचा। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने रविवार को मतदान के लिए तैयारियों और तेज कर दिया।
इस संबंध में एआरओ डीके आर्या ने बताया कि रविवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा, इसके बाद वोटों की गिनती होगी। वहीं, जीत के लिए दोनों प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने पूरी ताकत लगा दी है। क्षेत्र पंचायत सदस्यों को अपने पाले में करने के लिए दोनों प्रत्याशी जोड़-तोड़ करने में जुट गए है।
मतदान के दौरान शांति बनाए रखने व किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए ब्लाक में धारा 144 लागू की गई है। ब्लाक प्रमुख के उपचुनाव के लिए शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल होने के बाद से रविवार तक धारा 144 लागू की गई है। ब्लाक परिसर के आस-पास दुकानदारों को भीड़ एकत्र न करने की हिदायत दी है। ब्लाक के आसपास की दीवारों पर सूचना चस्पा की गई है। सीओ डेरापुर अजय प्रकाश ने बताया कि ब्लाक प्रमुख चुनाव मे शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 11 से 13 अगस्त तक धारा 144 लागू की गई है।