पामा रेलवे स्टेशन के पास पुलिया की मरम्मत करते कर्मचारी।
सरवनखेड़ा। कानपुर-झांसी रेलवे लाइन पर पामा और गोगूमऊ स्टेशन के बीच बाबूरामपुर गांव के पास नवनिर्मित अंडरपास की मिट्टी बारिश में धंस गई। इसके चलते कई ट्रेनों को रोक दिया गया। करीब पौने दो घंटे बाद धंसी पुलिया की मरम्मत करने के बाद कॉशन देकर ट्रेनें निकाली गईं। इधर, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में मरम्मत का कार्य चल रहा है।
बुधवार की रात बारिश से झांसी रूट की रेलवे लाइन पर बने अंडर पास के ऊपर से गुजरी पटरियों के दोनों तरफ की मिट्टी बह गई। गुरुवार की सुबह पांच बजे गेट नंबर 226 के गैंगमैन साेनू ने सूचना पामा रेलवे स्टेशन पर मौजूद अधिकारी हरिराम यादव को दी।
उन्होंने तत्काल सूचना कंट्रोल रूम को दी। पामा स्टेशन पहुंची पुष्पक एक्सप्रेस को रोक लिया गया। ट्रेन करीब पौने दो घंटे खड़ी रही। इसके बाद लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस 55 मिनट तक खड़ी रही। उधर, पुखरायां रेलवे स्टेशन में झांसी-लखनऊ पैसेंजर 45 मिनट खड़ी रही।
अंडरपास पर मिट्टी धंसने की खबर मिलते ही रेलवे के अधिकारी सक्रिय हुए और इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के वरिष्ठ अधिकारी कर्मचारी मौके पर पहुंचे। जेसीबी से मरम्मत का काम शुरू कराया गया। कर्मचारियों ने गिट्टी से भरी बोरियां डालकर पटरियों के दोनों लगाईं।
आंशिक मरम्मत के बाद ट्रेनों को काॅश्ान लेकर गुजारा गया। हालांकि, मरम्मत का कार्य चल रहा है। पामा स्टेशन मास्टर जेपी नारायण ने बताया कि अंडरपास पर मिट्टी धंसने से रेल यातायात प्रभावित हुआ है। कॉश्ान लेकर ट्रेनें निकाली जा रही हैं।