भीतरगांव पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव लाखनखेड़ा और पसेेमा के बीच बुधवार को तेज रफ्तार स्कूली बस बेकाबूू होकर खड्ड में पलट गई। हादसे में बस परिचालक और पांच बच्चे जख्मी हो गए। हादसा चालक की लापरवाही से हुआ। वहीं, स्कूल के निदेशक ने बताया कि हादसा सामने से अचानक आई यूपी 100 वाहन को बचाने में हुआ। मामूली रूप से घायल बच्चों को स्थानीय अस्पताल में इलाज के बाद घर भेजा गया।
असेंट पब्लिक स्कूल की बस सुबह भीतरगांव से बच्चे लेकर आ रही थी। बस में मौजूद बच्चों के अनुसार, सुबह कोहरा था, इसके बावजूद चालक कंचन कुमार तेज रफ्तार में बस चला रहा था। स्कूल के निदेशक मुकेश कुमार माथुर ने बताया कि स्कूल बस बच्चों को लेकर आ रही थी। जैसे ही पसेमा व लाखनखेड़ा गांवों के बीच पहुंची, तभी दूसरी ओर से यूपी 100 वाहन आ गया, जिसे बचाने को चालक ने बस को रोड के नीचे उतार दिया। इस दौरान बस पलट गई।
बताया कि घटना के समय बस पर कुल 13 बच्चे सवार थे। इनमें पहेवा गांव निवासी छात्रा उमाराज दीक्षित (13) पुत्री दिवाकर दीक्षित, बीहूपुर निवासी इशिता (12) पुत्री विश्वनाथ और तारणी (14) पुत्री सुधार कुमार सहित पांच छात्रों को मामूली चोटें आईं। जबकि, बस के खलासी अश्वनी सचान निवासी बंगला (गोपालपुर) के हाथ में चोट लगी।
घायल बच्चों और खलासी को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनको घर भेज दिया। डाक्टरों ने बताया कि किसी को गंभीर चोटें नहीं हैं। वहीं हादसे के बाद बस पर सवार बच्चे सहम गए।