छात्रों को टक्कर मारने वाली रोडवेज बस
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
क्षेत्र के कामा गांव के सामने कानपुर से दिल्ली जा रही एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने साइकिल सवार दो छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद छात्र सड़क पर उछलकर दूर जा गिरे और बुरी तरह लहूलुहान हो गए। आसपास के लोगों ने घायल छात्रों को सीएचसी भेजा, जहां हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उन्हें कानपुर रेफर कर दिया।
सोमवार को क्षेत्र के कामा गांव स्थित मंसुख लाल इंटर कालेज में पढ़ने वाले कक्षा छह के छात्र राजू निवासी प्रधानपुर और रोहित निवासी कामपुरवा साइकिल से कालेज आ रहे थे। तभी कालेज के समीप एकाएक पीछे से आई विकास नगर डिपो की एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों छात्र उछलकर रेलवे लाइन डिवाइडर के समीप जा गिरे और बुरी तरह घायल हो गए। दुर्घटना देख दौड़े आसपास के लोगों ने आनन-फानन में दोनों छात्रों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने दोनों छात्रों को कानपुर रेफर कर दिया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने रोडवेज को कब्जे में ले लिया, जबकि बस चालक मौके से भाग गया।