घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के कंठीपुर गांव में बीते छह महीने पहले हुई एक वृद्ध की हत्या में एक युवती और उसके देवर को जेल भेजा है। पुलिस के खुलासे के मुताबिक वृद्ध की हत्या डेढ़ बीघा कृषि भूमि के बैनामे को लेकर की गई थी।
थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि छह महीने पहले (18 जून 2015) को कंठीपुर गांव निवासी मनीराम (72) की हत्या उसके खेतों में लगे नलकूप की कोठरी में रस्सी से गला घोंटकर कर दी गई थी।
मृतक के पुत्र इंद्रपाल की ओर से कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने किसी से कोई रंजिश न होने की बात भी पुलिस को बताई थी।
इधर, मौत से एक दिन पहले मनीराम ने अपने हिस्से की 12 विस्वा कृषि भूमि का बैनामा अपने भतीजे अच्छेलाल को किया था।
एसओ ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि बैनामा करने पहले मनीराम ने गांव के ही अरविंद कुमार की पत्नी सुनीता के नाम भी डेढ़ बीघा कृषि भूमि बिक्री करने का अनुबंध कर रखा था।
बताया कि अच्छेलाल को जमीन का बैनामा कर देने से सुनीता परेशान हो उठी और उसने अपने देवर किशन की मदद से मनीराम की नलकूप में गला घोंटकर हत्या करवा दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि सुनीता और उसके देवर किशन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। गुरुवार को दोनों को जेल भेज दिया गया।