दुर्घटनाग्रस्त कार उत्तराखंड की कार
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर जंगली सूकर के आने से दो कारें आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। दुर्घटना में दोनों कारों में सवार छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीएचसी बिल्हौर में भर्ती कराया, जहां चार की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उन्हें कानपुर रेफर कर दिया। बताया गया है कि कार सवार बिहार के मधुबनी इलाके के हैं।
शनिवार भोर पहर क्षेत्र के बारंडा गांव के सामने एक्सप्रेस वे पर आगरा से लखनऊ की ओर जा रहे सुभाष यादव पुत्र लक्ष्मण निवासी मधुवनी बिहार, मनोज कुमार पुत्र मोहन, जीतू पुत्र सुनील निवासीगण कमरैल थाना मडोना जिला सिंजोल, बिहार की कार के सामने जंगली सूकर आ गया। जानवर को देखकर गाड़ी चला रहे सुभाष ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर गाड़ी तो कंट्रोल कर ली, लेकिन पीछे से आ रही एक दूसरी कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों कारें कई पलटी खाते हुए एक्सप्रेस-वे के डिवाइडर से जा टकराई।
दुर्घटना में दूसरी कार में सवार सहारनपुर निवासी हरवीर सिंह पुत्र गौतम सिंह, अल्का पत्नी रजनीश, इनका पुत्र मयंक घायल हो गए। सुबह का समय होने और दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायलों को सीएचसी बिल्हौर भेजा। जहां अल्का, मयंक, सुभाष, मनोज की हालत गंभीर होने पर सीएचसी डाक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। एक्सप्रेस वे पर कार की टक्कर से जंगली सूकर की मौके पर ही मौत हो गई।