हादसे की खबर मिलते ही मचा कोहराम।
क्षेत्र के चांदपुर और कुड़नी गांव के बीच सोमवार तड़के लग्जरी कार की टक्कर से दो बारातियों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार लेकर तेज रफ्तार से भाग निकला। बाराती वैन से एक गांव में शादी से वापस आ रहे थे। रास्ते में टायर पंचर होने पर वह रोड किनारे खड़े थे तभी हादसा हो गया।
मोहम्मदपुर निवासी फूलसिंह पासवान के बेटे कपिल की बारात रविवार को थाना गजनेर (कानपुर देहात) के कठेठी गांव गई थी। देर रात कुछ बाराती वहां से एक वैन पर सवार होकर घर लौट रहे थे। भोर पहर वह जैसे ही गांव के पास पहुंचे तभी वैन का पहिया पंचर हो गया। चालक वैन को एक किनारे खड़ी करने के बाद स्टेपनी लगाने लगा।
वैन में सवार बाराती उतरकर रोड के किनारे खड़े हो गए। तभी एक तेज रफ्तार लग्जरी कार ने मोहम्मदपुर गांव निवासी अनिल कुरील (47) और रामशंकर पासी (51) को टक्कर मार दी। इसके बाद कार वैन में टक्कर मारते हुए दुगनी रफ्तार के साथ भाग निकली। घायलों को जल्द ही उसी वैन में लादकर सीएचसी भीतरगांव लाया गया। जहां से उन्हें हैलट कानपुर रेफर कर दिया गया। वहां जाते समय रास्ते में दोनों की मौत हो गई। अन्य बारातियों ने बताया कि कार के शीशे काले थे।
जिसकी वजह से अंदर कितने लोग थे पता नहीं चल सका। बारात की अन्य वैन से उसका पीछा करने की कोशिश भी की गई, लेकिन तेज रफ्तार कार को पकड़ नहीं सके। इधर, हादसे की खबर जैसे ही मोहम्मदपुर गांव पहुंची तो वहां कोहराम मच गया। शादी वाले घर में खुशियां मातम में बदल गईं।