गुल्ला टूटने से रेल पटरियों पर फंसा ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
रेलवे फाटक पर बीच पटरियों पर ट्रक खराब होने से 25 मिनट तक दिल्ली-हावड़ा रूट की अप व डाउन लाइन का यातायात ठप रहा। जेसीबी से खराब ट्रक को रेल पटरियों से हटाया गया। इसके बाद रेल यातायात बहाल हो सका। इससे चलते अप व डाउन लाइन की कई ट्रेनें, जहां की तहां फंसी रहीं।
शनिवार सुबह सात बजकर पांच मिनट पर गेटमैन अनिल कुमार ने वाहन निकालने के लिए रेलवे फाटक खोल दिया। तभी सिकंदरा से मौरंग लादकर रसूलाबाद जा रहा ओवरलोड ट्रक रेल पटरियों पर पहुंचा कि उसका गुल्ला टूट गया।
इससे ट्रक रेलवे लाइन के बीचोंबीच पटरियों पर फंस गया। इससे रेल अप और डाउन लाइन का रेल यातायात ठप हो गया। जेसीबी मशीन से ट्रक को पटरियों से हटवाया गया। इस बीच 25 मिनट बाद अप व डाउन लाइनों का यातायात बहाल हो सका।
इस दौरान अप की गरीब रथ एक्सप्रेस झींझक रेलवे स्टेशन, डाउन की एमकेपीपी मालगाड़ी पश्चिमी आउटर सिंग्नल व मालगाड़ी शाहपुर फाटक के पास खड़ी रही। स्टेशन मास्टर सुजीत कुमार ने बताया कि फाटक पर ट्रक के फंसने पर सुबह 7:05 बजे से 7:35 बजे तक अप व डाउन लाइनों का यातायात ठप रहा है।