घाटमपुर कसबा पतारा और भीतरगांव में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। पहली घटना धरमपुर बंबा के पास हुई।
बड़ा कछार (सुरौली बुजुर्ग) थाना सुमेरपुर (हमीरपुर) निवासी छोटे सिंह (42) की बहन गांव सिरोह-सरांय में ब्याही है। वह अपनी बहन के घर जा रहा था।
सवारी वाहन से उतरने के बाद जैसे ही रोड पार करने लगा तभी, बगल से तेज रफ्तार में निकले ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी से उसको कानपुर रेफर किया गया है।
दूसरी दुर्घटना भी धरमपुर बंबे के पास हुई। बर्रा (कानपुर) निवासी आसिफ (34) पुत्र मन्नान किसी शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से वापस कानपुर लौट रहा था। ट्रक की टक्कर लगने से वह बाइक समेत खड्ड में जा गिरा। हेलमेट न लगाए होने से उसके सिर में गंभीर चोट आई। सीएचसी उसको कानपुर रेफर किया गया है।
भीतरगांव समाचार प्रतिनिधि के अनुसार भदेवना गांव निवासी निर्दोष कुमार शुक्ला (38) कसबे की बाजार करके बाइक से वापस गांव लौट रहा था। भेलसा गांव के सामने कोई चार पहिया वाहन उसकी बाइक में ठोकर मारकर निकल गया। निर्दोष शुक्ला बाइक समेत खड्ड में गिरकर बेहोश हो गया। हेलमेट न लगाए होने से उसके सिर में गहरी चोट आई। सीएचसी से उसको कानपुर रेफर किया गया है।