मारपीट में घायल हुए कार सवार युवक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कानपुर रोड के जहांगीराबाद गांव में एक ट्रक चालक और कार सवार लोगों के बीच मारपीट हो गई। इस बीच ट्रक चालक के पक्ष में गांव के लोग भी आ गए। जहां सभी ने मिलकर कार सवारों को पीट दिया। कार पर सवार महिला ने लूटपाट का आरोप लगा कोतवाली में तहरीर दी है।
घाटमपुर के मोहल्ला जवाहर नगर पूर्वी निवासी सुनीता सिंह पत्नी जयसिंह सेंगर ने बताया कि फजलगंज (कानपुर) में उसकी ट्रैवल्स एजेंसी का निर्माण कार्य शुरू है। शनिवार की शाम वह अपने बेटों शिवम सेंगर और योगेंद्र के साथ कार से कानपुर जा रही थी। कार अनुराग चला रहा था। चीनी मिल रोड के पास पेट्रोल पंप के सामने एक ट्रक तेजी से निकला, और उनकी कार से टकराते बचा। इसके बाद ट्रक घाटमपुर की ओर भागा।
इधर, कार सवारों ने ट्रक का पीछा कर जहांगीराबाद गांव के पास रोक लिया। कार सवार युवकों ने चालक को सीट से खींचकर पीटना शुरू कर दिया। चालक जहांगीराबाद गांव का था, जिससे उसके समर्थन में गांव के लोग आ गए। गांववालों ने मिलकर कार सवार युवकों को पीटना शुरू कर दिया। बाद में लोगों ने किसी तरह मामले को शांत कराया।
झगड़े के बाद कार सवार लोग कोतवाली पहुंचे। सुनीता सिंह ने आरोप लगाया कि उसकी कार पर एक बैग में 1 लाख 30 हजार रुपये रखे थे। गांववाले उसे लूटकर ले गए हैं। बताया कि मारपीट में बीच-बचाव के दौरान भीड़ में उसके गले की चेन और एक हाथ में पहना सोने का कंगन कहीं गुम हो गया है। सुनीता सिंह ने अज्ञात ट्रक चालक और उसके समर्थकों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। प्रभारी कोतवाल पीएन बाजपेई ने बताया कि मामला सिर्फ मारपीट का प्रतीत होता है। बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।