घाटमपुर कस्बे के मुख्य चौराहा पर तेज रफ्तार वाहनों के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। आएदिन चौराहे पर ट्रकों के आपस में टकराने से आसपास के दुकानदार भयभीत हैं।
मंगलवार की देररात एक बार फिर ट्रक और डंपर के टकरा जाने से पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। घाटमपुर कसबे का मुख्य चौराहा काफी महत्वपूर्ण और भीड़भाड़ वाला है।
मुगल रोड और कानपुर-सागर राजमार्ग का मिलन होने से चौराहे पर चौबीसों घंटे छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन रहता है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि दोनों ही मार्गों पर सबसे अधिक संख्या ट्रकों की रहती है।
कस्बे के लोगों ने बताया कि कानपुर-सागर मार्ग पर जहां हजारों की संख्या में मौरंग-गिट्टी ढोने वाले ट्रक चलते हैं। मुख्य चौराहे पर कोई संकेतक न लगे होने और बीच में गुमटी न बने होने से चालकों को दूर से समझ में ही नहीं आता है कि यहां चौराहा है।
रात के सन्नाटे में चौराहे पर तेज गति से ट्रक निकालते हैं। इसी चक्कर में आए दिन कोई न कोई ट्रक हादसा होता रहता है। मंगलवार की देररात हुए हादसे में दोनों वाहनों के चालक और खलासी बाल-बाल बच गए।
डंपर के क्षतिग्रस्त होने के बाद उसमें लदी गिट्टी को दूसरे वाहन में खाली करवाया गया। शाम तक चौराहे पर यातायात अव्यस्थित बना रहा।