गजनेर थाना क्षेत्र के पड़ोसी के गाली-गलौज से क्षुब्ध युवती ने फांसी लगा ली। शव बरामदे में धन्नी के सहारे साड़ी से लटका मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोहारी गांव निवासी राजेंद्र पासवान तमिलनाडु में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी ज्ञानवती बेटी रीना (18) व दो बेटों अनुराग व विशाल के साथ गांव में रहती है। ज्ञानवती ने बताया कि वह सुबह बड़े बेटे अनुराग के साथ धान कूटने चली गई। घर पर उनकी ननद शारदा, छोटा बेटा विशाल और बेटी रीना थे। 6 बजे के आस-पास शारदा शौच के लिए घर से निकली। करीब आधे घंटे बाद वापस घर पहुंची तो रीना गायब थी। उसके आवाज देने के बाद भी रीना के कोई जवाब न देने पर तलाश की तो उसका शव बरामदे में लटका देख शारदा की चीख निकल गई। ज्ञानवती का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले कालीदीन का बेटा बबलू भी तमिलनाडु में नौकरी करता है।
सोमवार शाम कालीदीन ने घर आकर बेटे से बात करने का आरोप लगाकर बेटी रीना से गाली-गलौज की थी। इसी बात से क्षुब्ध होकर उसने फांसी लगा आत्महत्या कर ली। थानाध्यक्ष रविंद्र तिवारी ने बताया कि रीना की मां ने पड़ोसी के गाली-गलौज से क्षुब्ध होकर उसके आत्महत्या करने का आरोप लगाया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है।