कोतवाली क्षेत्र में कानपुर हाईवे पर छतेनी गांव के पास ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। फलस्वरूप ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर में लदे धान से भरे बोरे रोड पर बिखर गए।
सिकंदरा थाना के दोहरापुर निवासी अश्वनी कुमार ने बताया कि उसका भाई अरुण कुमार (25) ट्रैक्टर-ट्राली में धान के बोरे लादकर हांसेमऊ गांव के पास चावल मिल में बेचने जा रहा था। छतेनी गांव के सामने हाईवे पर क्रासिंग से मुड़ते ही भोगनीपुर आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में अरुण कुमार की मौत हो गई।
ग्रामीणों के पीछा करने पर ट्रक छोड़कर उसका ड्राइवर भाग गया। देवीपुर के चौकी इंचार्ज दिनेश सिंह यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ट्रक को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।