घाटमपुर (कानपुर)। बुधवार को घोषित मदरसा शिक्षा परिषद के परिणाम में घाटमपुर के इस्लामियां इंटर कालेज के छात्र मो.कैफ खान ने मौलवी (सेकेंड्री) की परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। जबकि, कस्बे के मदरसा निसवां में पढ़ने वाली छात्रा मंतशा ने मुंशी (सेकेंड्री) की परीक्षा में प्रदेश में 8वां स्थान हासिल किया है।
इस्लामियां इंटर कालेज के प्रधानाचार्य इंतजार अहमद ने बताया कि मौलवी की परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करने वाला छात्र मो.कैफ खान औरैया जनपद के शेखनपुर गांव का रहने वाला है। उसके पिता फारूख खां साधारण किसान हैं। बताया कि छात्र मदरसे के हास्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा है। इस समय अपने घर पर औरैया में है। वहीं, प्रदेश में 8वां स्थान हासिल करने वाली कस्बा घाटमपुर निवासी छात्रा मंतशा के पिता मो.हारून हथौरा (बांदा) के मदरसे में शिक्षक हैं। मंतशा तीन बहनों में दूसरे नंबर की है। उसकी सफलता से परिजनों के साथ ही शिक्षक भी काफी खुश हैं। मंतशा ने बताया कि वह आगे पढ़ाई करके प्रशासनिक अधिकारी बनना चाहती है।