घाटमपुर कस्बे में एक पखवारे के भीतर पांच जगह चोरी की घटनाएं हुई हैं। पुलिस ने सिर्फ एक घटना की रिपोर्ट दर्ज की है।
चोरों ने एक बार फिर कस्बे की एक फोटो शॉप में धावा बोलकर सामान उठा ले गए। दूसरी ओर चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट लिखी जाएगी।
घाटमपुर कस्बा निवासी प्रेमशंकर पांडेय की रेलवे स्टेशन रोड पर फोटो स्टूडियो की दुकान है। चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर दो लैपटाप और अन्य सामान उठा ले गए।
सुबह दुकानदार ने ताले टूटे देखे तो उसको घटना की जानकारी हुई। तन्नू पांडेय ने बताया कि घटना की तहरीर पुलिस चौकी और कोतवाली में दी है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की लेकिन उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई है।
मालूम हो कि कस्बे में चोरों का गिरोह सक्रिय है। दो दिन पहले मोहल्ला कोटद्वार (सदर बाजार) निवासी पप्पू मिस्त्री के यहां चोरों ने घर सूना पाकर धावा बोलकर हजारों का माल ले गए थे।
पुलिस ने पप्पू की भी रिपोर्ट अभी तक नहीं लिखी है। कस्बे में हो रही चोरी की घटनाओं पर लोगों में पुलिस के प्रति गुस्सा है।