घटनास्थल पर विरोध जताते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
शिवली कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार रात बिजली का जर्जर बिजली का तार टूटकर गिरने से चपेट में आईं तीन भैंसों की मौत हो गई। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। पुलिस और लेखपाल मौके पर पहुंचे। इसके बाद कार्रवाई और मुआवजे के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेहटा गांव निवासी आत्माराम पुत्र नन्हऊ ने बताया कि शुक्रवार रात 10 बजे वह भैंसों को बांधने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सड़क के ऊपर से गुजरा रहा बिजली का तार टूटकर गिरा, जिसकी चपेट में उसकी तीन भैंसें आकर तड़पने लगी। उसने व गांववालों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया पर भैंसों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इससे ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रदीप कुमार, पंकज यादव, अजीत कुमार, जनार्दन सिंह ने बताया कि आए दिन जर्जर तार टूटकर गिरते हैं। कई बार तार बदलने के लिए अधिकारियों को लिखा जा सकता है। इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। लेखपाल संतकुमार पटेल मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी की। इंस्पेक्टर राधामोहन द्विवेदी ने बताया कि मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कराया जा रहा हैं। तहरीर मिलने पर बिजली विभाग के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।