चोरी के बाद खुली पड़ी अलमारी।
- फोटो : अमर उजाला
रूरा के बुधवार रात थाने से 500 मीटर की दूरी पर रिटायर्ड लेखपाल के सूने घर में घुसे चोरों ने नगदी-जेवर समेत करीब दस लाख का माल पार कर दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने फारेसिंक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए।
पॉलीवाल मोहल्ला निवासी अजय द्विवेदी लेखपाल से रिटायर्ड है। वह पत्नी के साथ रहते है जबकि बच्चे नौकरी के कारण दूसरे शहरों में रह रहे हैं। अजय द्विवेदी ने पुलिस को बताया कि बुधवार को पत्नी की अचानक तबियत खराब होने पर वह इलाज के लिए कानपुर लेकर गए थे।
घर पर ताला लगा हुआ था। गुरुवार सुबह पड़ोस में रहने वाले भाई संजय ने मेनगेट का ताला टूटा देख उन्हें फोन कर घटना की जानकारी दी। दोपहर बाद वह घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फारेंसिक टीम को बुलाकर छानबीन की। कमरे की खिड़की काटकर घुसे चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे जेवर, नगदी और गृहस्थी का सामान समेत करीब 10 लाख का माल पार कर दिया। अलमारी में रखे किसान विकास पत्र, बैंक एफडी भी गायब थी। थाना प्रभारी बी.एम वर्मा का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर खुलासे के प्रयास किए जाएंगे।