सट्टी थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से एक नलकूप पर छापा मारकर नकली शराब की पैकिंग का कारोबार पकड़ा है। पैकिंग मशीन और 431 क्वार्टर देसी शराब बरामद की गई। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। थाना इंचार्ज जयप्रकाश यादव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर एसओजी टीम के प्रभारी दिनेशचंद्र यादव के साथ बुधवार की देरशाम सलेमपुर गांव में एक नलकूप पर छापा मारा गया।
द्वारिकापुर गांव निवासी सतीश यादव उर्फ कुलदीप नलकूप से ही नकली शराब की पैकिंग का धंधा चला रहा था। पैकिंग मशीन और तीन बोरियों में भरे 431 क्वार्टर देसी शराब बरामद की गई। सतीश यादव के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। शराब का सेंपल परीक्षण के लिए भेजा जाएगा।