कमरे के भीतर खुली पड़ी अटैची और फर्श पर बिखरा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
बीबीपुर गांव में चोरों ने एक मकान में धावा बोलकर चार लाख रुपये नगद और लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। चोरों ने पड़ोसी के मकान को भी निशाना बनाया लेकिन, वहां घुस नहीं पाए। इधर, देर शाम तक पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। बताया गया है कि घर पर 10 दिसंबर को बेटी की बारात आनी है। जिसके चलते तैयारियां शुरू थीं।
बीबीपुर गांव निवासी नरेंद्र यादव के घर दूध का व्यापार है। वह ट्रांस्पोर्टर भी है। बीते शुक्रवार की देररात चोरों ने धावा बोला। मकान की छत से जीने के रास्ते अंदर दाखिल हुए। कमरों में लगे ताले खोलने के बाद अलमारी और बक्सों को खंगालकर चार लाख रुपये नगद और 7 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात लेकर चंपत हो गए।
शनिवार भोर में जागने पर परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने जांच-पड़ताल करने के साथ ही शहर से डाग स्क्वायड भी बुलवाया। घटना को लेकर गांव के लोग सकते में हैं। सुबह से लेकर शाम तक नरेंद्र यादव के घर के बाहर लोगों का जमावड़ा लगा रहा। पीड़ित ने बताया कि उसने चार लाख रुपये ट्रक की किस्त जमा करने के लिए रखे थे। 50 ग्राम सोने के और करीब डेढ़ किलोग्राम चांदी के जेवरातों के अलावा अन्य कीमती सामान भी उठा ले गए हैं। बताया कि 10 दिसंबर को उसकी बेटी की बारात आनी है। जेवरात और अन्य सामान घर पर रखा था जिसे चोर ले गए हैं।
इधर, चोरों ने नरेंद्र के पड़ोसी देवेंद्र सिंह के मकान को निशाना बनाने की कोशिश की। मकान के अंदर दाखिल नहीं हो पाए। वहां से चोर बरामदे में रखी दो बोरी डीएपी खाद और दो बोरी लाही उठाकर चले गए। प्रभारी थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने बताया कि नरेंद्र के घर चोरी हुई है। देर शाम तक तहरीर न मिलने के चलते मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। बताया कि नरेंद्र से तहरीर मांगी गई है उसी के आधार पर घटना का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।