ट्रेन से गिरकार मौत का शिकार हुए युवक का आधार कार्ड।
- फोटो : amarujala
कानपुर देहात। कानपुर झांसी रेलमार्ग के लालपुर स्टेशन के पास गुरुवार की सुबह एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। इसकी सूचना स्टेशन अधीक्षक को दी गई। उन्होंने ये सूचना जीआरपी भीमसेन को दी। मौके पर पहुंची जीआरपी को शव के पास मिले मोबाइल फोन से परिजनों को सूचना दी गई।
जानकारी के मुताबिक लालपुर रेलवे स्टेशन से लगभग 100 मीटर की दूरी पर रेलवे ट्रैक के बीच में एक युवक का शव पड़ा था। गुरुवार सुबह छह बजे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना स्टेशन अधीक्षक एसपी कुशवाहा को मिली तो उन्होंने तत्काल मामले से जीआरपी भीमसेन को अवगत कराया।
मौके पर पहुंची जीआरपी ने बताया कि शव के पास मिले मोबाइल फोन और आधार क़ार्ड से उसकी शिनाख्त आशुतोष चौबे(22) पुत्र अभय शंकर चौबे निवासी शिकारपुर चौबे टोला थाना कोतवाली जिला महराजगंज के रूप में हुई है।
आशुतोष के परिजनों से हुई फोन पर हुई बातचीत में पता चला कि आशुतोष चेन्नई से वापस गांव जा रहा था। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जीआरपी ने बताया कि परिजनों के आने के बाद शव उनके सुपुर्द कर दिया जाएगा। आशंका जताई जा रही है कि ट्रेने से गिरने से युवक की मौत हुई है।