परीक्षा केंद्र के बाहर फेंकी गई नकल।
बोर्ड परीक्षा शाम पाली में गुरुवार को इंटर फिजिक्स द्वितीय पेपर में नकल पहुंचाने वालों ने तांडव किया। दीवार तोड़ कर उसमें लकड़ी की बल्ली लगाकर रोशनदान के जरिये नकल फेंकी गई। जानकारी पर प्रिंसिपल स्वयं छत पर गए और भीड़ को हड़काकर भगाया और नकल बाहर फिंकवाई। इससे नाराज नकल कराने वालों ने केंद्र व्यवस्थापक शत्रुघ्न सिंह सेंगर पर नकल कराने का आरोप लगाते हुए एसडीएम से शिकायत कर दी।
गुरुवार को शाम इंटर परीक्षा में केंद्र व्यवस्थापक के नकल कराने की जिला विद्यालय निरीक्षक प्रेमप्रकाश मौर्य व उपजिलाधिकारी राजीव पांडेय से शिकायत की गई। इस पर अधिकारियों के फोन केंद्र व्यवस्थापक के पास आए। उन्होंने छत के रास्ते जाकर नकल फेंकने वालों को हड़काया और एसडीएम से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की।
केंद्र व्यवस्थापक ने बताया कि नकल कर रहे छात्र सुशील कुमार निवासी बृजेंद्र स्वरूप पार्क कानपुर ने राजकीय बालिका इंटर कालेज सिमरामऊ से प्राइवेट छात्र के रूप में फार्म भरा था, उसे बुक कर दिया। बताया कि नकल कराने वाले उन्हें लगातार धमकी दे रहे हैं। उन्होंने एसडीएम से मौखिक शिकायत की है। साथ ही केंद्र पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाने की मांग की गई है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है।