अमराहट थाना क्षेत्र में गुरुवार को अरसुनबांगर गांव से दो किलोमीटर दूर यमुना नदी के बैजामऊ घाट पर मिले युवती के शव का पोस्टमार्टम हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला रेतकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। शव चार दिन पुराना होने का अनुमान लगाया गया है। बता दें कि दो दिन पहले ही इसी गांव के एक युवक की हत्याकर शव बाग में फेंका गया था। पुलिस ऑनर किलिंग के शक में दोनों हत्याओं की कड़ियां जोड़ रही है। इधर, दोनों घटनाओं के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है।
मंगलवार को थाना क्षेत्र के अरसुनबांगर गांव निवासी रामबाबू यादव के पुत्र दीपू (22) की गला दबाकर हत्या की गई थी और शव बाग में फेंक दिया गया था। दीपू की जेब से अरसुनबांगर गांव निवासी ही लड़की गुड्डन (18) की फोटो मिली थी। गुड्डन अपने मौसिया अरसुनबांगर निवासी शिवकुमार के घर चार साल से रह रही थी। वह सिरसाकलार (जालौन) के निपनियां निवासी राजेश यादव की पुत्री थी। दीपू के पिता ने गांव के शिवकुमार, राजासिंह, रामदास व सत्येंद्र के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद गुरुवार को गुड्डन (18) का शव मिला। शुक्रवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार धारदार हथियार से गला और एक हाथ काटा गया था। ज्यादा खून रिसने से मौत की पुष्टि की गई है। युवती की मौसी सर्वेश कुमारी उसका शव लेने पहुंची थी। ग्रामीणों ने बताया कि गुड्डन की मौसी सर्वेश कुमारी का एक मकान सिकंदरा कस्बे में भी है। जहां गुड्डन भी आना-जाना रहता था। दीपू और गुड्डन 8 दिसंबर से गुम थे। इन दोनों के बीच चार साल से प्रेम संबंध थे। थाना इंचार्ज आरपी प्रजापति ने कहा है कि दोनों परिवारों के बीच रंजिश और आनर किलिंग के बिंदुओं पर जांच-पड़ताल की जा रही है। दीपू की हत्या में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। गुड्डन की हत्या के मामले ने किसी ने तहरीर नहीं दी है।