खेतों मेें घास-फूस जलाने के दौरान उठी चिंगारी से किसान के गेहूं खेत में आग लग गई। तेज हवाओं के चलते आग ने अन्य खेतों की फसलों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इससे चार किसानों की करीब दस बीघा गेहूं फसल जलकर राख हो गई। वहीं, स्थानीय लेखपाल ने क्षति आकलन किया है। जबकि, अन्य किसानों ने घास-फूस जला रहे किसान पर उनकी फसल जलाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।
शिशुपाल सिंह पुत्र रघुनाथ निवासी कसौरा रविवार शाम अपने खेत के किनारे घास-फूस जला रहा था। इसी दौरान निकली चिंगारी से शिशुपाल के गेहूं खेत में आग लग गई। तेज हवाओं के चलते आग विकराल हो गई, जिससे आग ने मो. सलीम, इसरार, अनीसा, रामकुमार के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने से पांचों किसानों के खेतों में खड़ी करीब दस बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग लगने की सूचना पर दमकल मौके पर पहुंची और आग बुझाई। वहीं, खेत जलने पर अन्य चार किसानों ने शिशुपाल पर फसल जलाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इस संबंध में मंगलपुर थानाध्यक्ष जेपी यादव ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं को देखकर कार्रवाई की जा रही है।