थाली-बेलन के साथ प्रदर्शन करती महिलाएं।
नोटबंदी व भ्रष्टाचार के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी महिला प्रकोष्ठ के बैनर तले महिलाओं ने थाली, बेलन लेकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि नोटबंदी के 50 दिनों में 115 से अधिक निर्दोष लोगों की मौत हुई है। इनके परिवारों को मुआवजा मिलना चाहिए। वहीं नोटबंदी से रबी की फसलों पर असर पड़ रहा है। छोटे व मध्यम उद्योग बंद हो रहे हैं और नौकरियां खत्म हो रही हैं।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कलक्ट्रेट में थाली-बेलन बजाते हुए बैंकों से रुपये निकालने पर पाबंदी हटाने, किसानों को रबी फसलाें में एमएसपी पर 20 फीसदी बोनस देने, बीपीएल परिवार की एक महिला के खाते में 25 हजार जमा कराने, मनरेगा मजदूरों के काम के दिन और दिहाड़ी दोगुनी करने, छोटे दुकानदारों व उद्योगों को इनकम टैक्स व सेल्स टैक्स में एक साल तक 50 फीसदी की छूट आदि मांगों से संबंधित प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट विजेता को सौंपा। इस मौके पर शारदा सचान, रामबेटी, भूरीदेवी, निर्मला देवी, पिंकी, नन्की, सीता देवी, मुन्नी देवी, रूपवती मौजूद रहीं।