शिवराजपुर थाने के पास दो बदमाशों ने एक ट्रक के आगे अपनी बाइक को सटाकर चालक से लूटपाट की और फरार हो गए। पुलिस ने सूचना के बाद जब घेराबंदी की तो बदमाश बाइक को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। ट्रक चालक ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध तहरीर दी है।
कानपुर नगर के रावतपुर गांव निवासी चालक अफसर अली गुरुवार सुबह छह बजे कानपुर से एक कंपनी का बिस्कुट ट्रक पर लोडकर मुरादाबाद जाने को निकला था। अफसर अली ने पुलिस को तहरीर में बताया कि आठ बजे जैसे ही वह शिवराजपुर में पहुंचा, तभी पुलिस थाने के आगे बर्राजपुर रेलवे स्टेशन पर अचानक पल्सर सवार दो बदमाशों ने ट्रक के आगे अपनी बाइक अड़ा दी।
जब तक कुछ समझ पाते दोनों बदमाश ट्रक में घुस आए और मारपीट कर गाड़ी में रखे 10 हजार रुपये लूट ले गए। बदमाशों के ट्रक से नीचे उतरते ही तुरंत 100 नंबर पर ममाले की सूचना दे दी गई। थाना करीब होने के कारण पल भर में जेब्रा के सिपाही मौके पर आ गए।
पुलिस को देखकर पल्सर सवार बदमाश बैरी-शिवराजपुर मार्ग की ओर भागने लगे। पुलिस सिपाहियों ने पीछा किया तो दोनों बदमाश सड़क पर बाइक छोड़कर खेतों के रास्ते गायब हो गए। बाइक पर नंबर भी दर्ज नहीं है। उधर एसओ बृजेश यादव ने बताया कि मीटिंग में हूं, थाना पहुंचने पर पीड़ित ट्रक चालक की तहरीर और मिली बाइक की पड़ताल कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।