कानपुर-रसूलाबाद मार्ग पर मधू नेवादा गांव के सामने शुक्रवार को तेरहवीं से लौट रहे बाइक सवार चार लोगों को बेकाबू ट्रक ने टक्कर मार दी। फलस्वरूप मां- बेटी की मौके पर मौत हो गई, जबकि देवर व भाभी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हैलट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घटना से गुस्साए लोगों ने जाम लगाकर नारेबाजी की।
कन्नौज के ठठिया थाना अंतर्गत गांव मदनापुर निवासी विजय पाल (25) ने बताया कि उसकी भाभी उर्मिला के पिता रामबहादुर निवासी गांव रोशनमऊ थाना शिवली जनपद कानपुर देहात की बीते दिनों मौत हो गई थी। 12 अक्तूबर को वह रोशनमऊ गांव में तेरहवीं संस्कार में शामिल होने के लिए आया था। शुक्रवार को वह बाइक पर भाभी उर्मिला (35) पत्नी कुंदन, उनकी बहन अनीता (28) पत्नी सुरेंद्र निवासी हरचंद निवादा थाना रसूलाबाद और अनीता की एक वर्षीया बेटी जानू के साथ घर लौट रहा था।
चारों लोग एक ही बाइक पर सवार थे।रसूलाबाद-कानपुर मार्ग पर मधू नेवादा गांव के सामने पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। फलस्वरूप चारों उछलकर सड़क पर जा गिरे।
इस दौरान अनीता और उसकी बेटी जानू ट्रक के पहिये की चपेट में आ गई, जिससे दोनों की घटनास्थल पर मौत हो गई। वहीं उर्मिला व विजयपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया, यहां डा. उमा शंकर ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को हैलट कानपुर के लिए रेफर कर दिया। दुर्घटना के वक्त बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
घटना के बाद मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष पीके सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। जाम की वजह से तीन घंटे तक वाहनों का आवागमन ठप रहा। बाद में उप जिलाधिकारी राजीव पांडेय, नायब तहसीलदार सर्वेश कुमार मौके पर पहुंचे।
एसडीएम ने मृतक व घायलों के परिजनों को छानबीन कराकर उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। तब ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। पुलिस ने दुर्घटना करने वाले ट्रक को पकड़ लिया, जबकि उसका चालक भागने में सफल रहा।