पुखरायां में सेंट्रल बैंक के बाहर लगी लाइन
- फोटो : अमर उजाला
केंद्र सरकार के 500 और 1,000 रुपये के नोटों का चलन से बाहर करने की पहल के चलते गुरुवार को देर शाम तक क्षेत्र की बैंकों में कतारें लगी रहीं। कहीं-कहीं पुलिस की मौजूदगी में नोटों के बदलने और जमा करने का काम कराया गया।
पुखरायां की स्टेट बैंक शाखा में रेकार्ड भीड़ रही। रोड तक लाइन लगी रही। सेंट्रल बैंक की शाखा में भी दोपहर तक भीड़ बढ़ गई। बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में सवेरे से शाम तक भीड़ रही।
बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक, इलाहाबाद बैंक, आईडीबीआई बैंक अपेक्षाकृत कम भीड़ रही। आईडीबीआई बैंक के शाखा प्रबंधक श्यामप्रकाश व्यास ने बताया कि इस बैंक में जिनके खाते नहीं हैं, उनके नोट भी आसानी से बदले जा रहे हैं। लोगों के फार्म भरवाने में कर्मचारी भी सहयोग कर रहे हैं। स्टेट बैंक की भोगनीपुर शाखा में भी पूरे दिन भीड़ रही।
मूसानगर प्रतिनिधि के अनुसार स्टेट बैंक और ग्रामीण बैंक की शाखाओं में नोट बदलने के लिए लाइनें लगी रहीं। वहीं बाजार में सन्नाटा रहा। सिकंदरा की बैंक शाखाओं में भी भीड़ रही। राजपुर प्रतिनिधि के अनुसार स्टेट बैंक की शाखा में नोट बदलने के लिए अतिरिक्त काउंटर नहीं लगाया गया। जिस पर घंटों से लाइन में लगे लोगों ने हंगामा काटा।
सूचना पर पहुंचे थाना इंचार्ज प्रभातकुमार ने लोगों को समझाया। वहीं बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में भी शाम तक भीड़ लगी रही। संदलपुर प्रतिनिधि के अनुसार बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में बैंक खुलने से पहले ही नोट बदलवाने के लिए लाइन लग गई।
इस बीच लाइन में लगे एक सैनिक से चौकी के सिपाही की कहासुनी हो गई। जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। सिपाही सुरक्षा के लिहाज से तैनात किया गया था। शाखा प्रबंधक जेपी राय ने बताया कि शनिवार व रविवार को भी बैंक खुलेंगे और नोट बदले जाएंगे।