कोतवाली क्षेत्र के राहा गांव में तालाब में डूब जाने से एक किशोर की मौत हो गई। जानकारी होने पर उसके घर में कोहराम मच गया। परिजन उसे सीएचसी लाए, जहां डाक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
जगदेव सिंह बघेल के दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र जन्म से ही गूंगा और मानसिक रूप से कमजोर है। उसका छोटा पुत्र अतुल सिंह (8) होनहार था और घाटमपुर के एक पब्लिक स्कूल में पढ़ाई कर रहा था।
रविवार की सुबह अतुल अपनी बड़ी बहन और कुछ बच्चों के साथ गांव के बाहर स्थित तालाब के पास गुड़िया पीटने गया था। गुड़िया डालने के बाद उसकी बहन घर लौट गई। जबकि, अतुल हमजोली बच्चों के साथ वहीं रुक गया।
गुड़िया पीटने के बाद बच्चे तालाब में नहाने लगे। इसी दौरान अतुल का पैर फिसल गया और वह गड्ढे में चला गया। साथ गए बच्चे उसको नहीं देख पाए। इधर, जब काफी देर बाद वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
कुछ लोग तालाब के पास पहुंचे तो देखा कि अतुल पानी के भीतर पड़ा था। उसे आनन-फानन बाहर निकाला गया और बेनीसिंह अवस्थी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (घाटमपुर) ले जाया गया। जहां परीक्षण के बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शाम को लगने वाले ग्रामीण दंगल का आयोजन स्थगित कर दिया गया।