मंगलपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को हावड़ा रेल लाइन पर झींझक और अंबियापुर रेलवे स्टेशनों के बीच एक अज्ञात महिला का क्षतविक्षत शव मिला है। महिला की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई गई है।
स्टेशन मास्टर की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। गुरुवार सुबह 7:30 बजे कानपुर से दिल्ली की तरफ जा रही रूपनगर मालगाड़ी के चालक ने रेलपटरी किनारे 40 वर्षीया महिला का शव पड़ा देखा।
इस पर उसने वाकीटाकी से खानपुर चैन गांव के सामने खंभा नंबर 1074/20 व 22 पर एक महिला का शव पड़ा होने की सूचना स्टेशन मास्टर झींझक केशव प्रसाद को दी। स्टेशन मास्टर ने मेमो भेजकर सूचना मंगलपुर पुलिस को दी।
थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के ग्रामीणों से शिनाख्त कराने का प्रयास किया। कई घंटे बावजूद मृतका की पहचान न होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थानाध्यक्ष मंगलपुर जेपी यादव ने बताया की महिला का शव क्षतविक्षत होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शव के पास ही एक गुलावी रंग की साड़ी मिली है। प्रथम दृष्टया दुर्घटना का मामला समझ में आ रहा है।