नवरात्र कार्यक्रमों के तहत बुधवार की रात पुखरायां और मूसानगर में भगवती जागरण संपन्न हुए। पुखरायां में मौहर माता मंदिर के सामने कानुपर की ओमजी शर्मा एंड पार्टी के कलाकारों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
गायक साक्षी ने ‘मैया तेरा खेल निराला, सबको गले लगाओ मां’ गीत सुनाया। इस बीच शिव पार्वती नृत्य, काली का विकराल रूप, राधा कृष्ण का नृत्य, फूलों की होली, माता दुर्गा की साधना आदि मनमोहक सजीव झांकी प्रस्तुत की गई।
वहीं मीरपुर में माता के जागरण में कानपुर की योगेश योगी एंड पार्टी ने भक्ति गीत और झांकियां प्रस्तुत की। लखनऊ की जया मिश्रा ने ‘मैया का चोला है रंग लाल’ गीत गाकर समा बांधा। टाटानगर से आए गायक सरदार गुलशन सिंह ने जय-जय मां जय जगदंबे मां’ गीत पर लोगों ने जमकर तालियां बजाईं।
हांसेमऊ में कानपुर की कंचन एंड पार्टी की ओर से भगवती जागरण प्रस्तुत किया गया। अनिल और रीतू अवस्थी के गीत खूब सराहे गए। प्रधान अनुपम कुमारी सचान, प्रतिमा, ममता, रामशंकर, यजुवेंद्र, कुलदीप, दीपक सचान, अमर सिंह, ओपी सचान आदि ने प्रसाद वितरण कराया।
मूसानगर प्रतिनिधि के अनुसार मां भगवती जागरण कमेटी की ओर से भगवती जागरण का आयोजन किया गया। जयपुर की कलाकार निष्ठा अग्रवाल ने कांटों और तलवार पर नृत्य के साथ भक्तिगीत सुनाकर लोगों को रोमांचित कर दिया। इस बीच शिव तांडव, राधा-कृष्ण नृत्य आदि कई सजीव झांकियां भी प्रस्तुत की गईं।