: भीड़ के बीच समझाते कोतवाल।
- फोटो : अमर उजाला
भोगनीपुर कोतवाली में हांसेमऊ गांव के पास कानपुर हाईवे के सर्विस रोड पर गुरुवार को ट्रक से कुचलकर साइकिल सवार किशोर छात्र की मौत हो गई। हादसे के ट्रक छोड़कर उसके ड्राइवर और खलासी भाग गए। उत्तेजित ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया। कोतवाल राधामोहन दुबे ने लोगों को समझाकर रोड से हटाया। इस बीच एक घंटे आवागमन बाधित रहा।
बरौर थाना के हैदरपुर निवासी महेश ने बताया कि उसका पुत्र चंद्रेश कुमार (13) पुखरायां बाईपास स्थित नेशनल इंटर कालेज की कक्षा-आठ में पढ़ता था, जबकि उसका छोटा भाई तेजेंद्र कुमार (सात) कक्षा-दो में पढ़ता है। गुरुवार को दोनों भाई एक साइकिल से स्कूल से गए थे। वापस आते समय साबुन फैक्ट्री के पास सर्विस रोड पर ट्रक खड़ा था।
ड्राइवर द्वारा यकायक ट्रक बैक करने पर साइकिल समेत चंद्रेश ट्रक से कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे बैठा तेजेंद्र ने डिवाइडर की तरफ छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से भाग निकले।
हादसे की जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने हाईवे जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। वहीं लोगों के पथराव से ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिसकर्मियों ने शव को ट्रक के नीचे से निकाला। चंद्रेश के शव को देखते ही उसकी मां नीलम देवी, बहनें कुमकुम, बुलबुल और भाई तेजेंद्र का रो-रोकर बेहाल है।
सूचना पर एसडीएम आरपी त्रिपाठी और डीएसपी डीके सिंह भी पहुंच गए। एसडीएम ने बताया कि साबुन फैक्ट्री के मैनेजर ने मृतक के परिजनों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी है। कोतवाल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रक को कब्जे में लिया गया।