नगर विकास मंत्री आजम खां के बयान को लेकर लेखपाल संवर्ग में रोष है। लेखपालों ने तहसील परिसर में धरना देकर मंत्री के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली और विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी दिया।
उप्र लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष रामानंद मिश्रा की अगुवाई में सभी लेखपाल इकट्ठे हुए। उन्होंने तहसील परिसर में धरना दिया। उन्होंने बीती 29 जुलाई को मुरादाबाद जनपद की बिलारी तहसील में नगर पालिका भवन के शिलान्यास समारोह में दिए गए बयान पर रोष जताया।
संघ के तहसील मंत्री रामकुमार श्रीवास्तव ने कहा कि नगर विकास मंत्री ने लेखपाल को समाज का सबसे गंदा और भ्रष्ट व्यक्ति कहकर लेखपाल संवर्ग का घोर अपमान किया है। कहा कि लेखपाल संघ मंत्री के बयान की कठोर निंदा करता है। साथ ही मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि ऐसे मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई हो और अमर्यादित टिप्पणियों पर रोक लगाई जाए।