पंजाब नेशनल बैंक के गेट पर लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार का दिन बैंकों में वरिष्ठ नागरिकों के लेनदेन के लिए तय था। वहीं जमा करने वालोें की भीड़ जुटने से बुजुर्गों को नोट बदलने और भुगतान के लिए लाइन में धक्के खाने पड़े। कई बुजुर्ग परेशान होकर घर वापस चले गए।
एसबीआई से रुपये निकालने आए सेल्हूपुर के सेवानिवृत्त शिक्षक शिवराजसिंह, वृद्ध किसान शेखपुर के बाबूराम ने बताया कि वे खाद व बीज के लिए रुपये निकालने आये थे। हैदरापुर के बुजुर्ग किसान हर प्रसाद भीड़ देखकर वापस चले गए।
ऊधमपुर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक ज्ञान सिंह ने बताया कि ग्रामीण बैंक में दो दिन लाइन में लगने पर भी रुपये नहीं मिल पा रहे हैं। उनका नंबर आने तक कैश खत्म हो जाता है। शनिवार को भी उन्हें मायूस लौटना पड़ा।
गुलौली के राजकिशोर त्रिवेदी ने बताया कि वह खाद- बीज के लिए इलाहाबाद बैंक से रुपये लेने आये थे। बैंक में कैश न होने पर रुपये नहीं मिल सके।
जगदीशपुर के सेवानिवृत्त शिक्षक लाखन सिंह यादव का कहना था कि बुजुर्गों के लिए दिन तय होने पर भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। पीएनबी में विवाद की स्थिति पर चौकी इंचार्ज अमर सिंह ने पहुंचकर भीड़ को हटाया और वरिष्ठ नागरिकों को अंदर जाने का मौका दिलाया।
एसबीआई शाखा प्रबंधक एसएस शुक्ल ने बताया कि शनिवार को केवल वरिष्ठ नागरिकों को ही भुगतान दिया गया है। वहीं जमा करने के लिए सभी को मौका दिया गया था। वरिठ नागरिकों की अलग लाइन लगवाई गई।