उप जिलाधिकारी सुखवीर सिंह ने आशानगर स्थित मदरसा बिलालिया और पड़री लालपुर गांव के मदरसे का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की। दोनों मदरसों में अनुदान देने के लिए शासन स्तर से रिपोर्ट मांगी गई है। एसडीएम ने बताया कि निरीक्षण रिपोर्ट बनाकर भेजी जा रही है। वहीं, लालपुर गांव में उन्होंने चौपाल लगाकर गांववालों की समस्याएं भी सुनीं।
पतारा समाचार प्रतिनिधि के अनुसार विकास खंड के पड़री-लालपुर गांव स्थित पंचायत भवन में एसडीएम ने चौपाल लगाई। इसमें ग्रामीणों ने पंचायत सचिव के खिलाफ शिकायतों की झड़ी लगा दी। आरोप लगाया कि पंचायत सचिव और राशन कोटेदार ने मिलकर खाद्य सुरक्षा के पात्रों की चयन सूची बनाने में भारी गड़बड़ी की है।
कई लोगों ने शिकायत दर्ज कराई कि उनसे सूची में नाम शामिल करने के लिए पैसे की मांग की जा रही है। उप जिलाधिकारी ने पंचायत सचिव और कोटेदार को तलब कर सूची से अपात्र लोगों के नाम हटाने और पात्रों के शामिल करने के निर्देश दिए। जबकि, पंचायत सचिव के खिलाफ जांच के भी निर्देश दिए।