विकास खंड अकबरपुर क्षेत्र की ग्राम सभा पातेपुर की प्रधान सीमा देवी ने उप जिलाधिकारी सदर जयनाथ यादव पर अभद्रता, अपशब्दों का प्रयोग करने व कार्यालय से धक्का देकर निकाल देने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की गई है। डीएम ने जांच कराकर न्यायोचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
पातेपुर की प्रधान सीमा देवी यादव शनिवार को अपने पति राकेश यादव के साथ कलेक्ट्रेट शिकायत लेकर पहुंचीं। यहां जिलाधिकारी के सामने पेश होकर दिए लिखित शिकायती पत्र में लिखा है कि 15 जुलाई को एसडीएम उनके गांव आए थे। इस पर उन्होंने व अन्य गांव वालों ने गांव के विकास व जनसमस्याओं के संबंध में उनसे बात की थी। इस पर एसडीएम ने कार्यालय आकर बात करने व पूर्ण सहयोग प्रदान करने की बात कही थी।
प्रधान का कहना है कि 16 जुलाई को वह अपने पति के साथ दोपहर करीब तीन बजे एसडीएम कार्यालय पहुंची। उनकी बात सुनने के दौरान एकाएक उप जिलधिकारी उत्तेजित हो गए तथा अपशब्दों का प्रयोग करने लगे। झूठे मुकदमे लगवाकर बेईज्जत कराने की भी धमकी दी।
उधर उप जिलाधिकारी जयनाथ यादव का कहना है कि आरोप पूरी तरह निराधार व झूठे हैं।
उनके दफ्तर में सिर्फ प्रधान के पति अपने कुछ साथियों के साथ आए थे। उनसे शांतिपूर्ण ढंग से बातचीत हुई थी। महिला प्रधान तो उनके दफ्तर में आई ही नहीं।