कस्बा स्थित एक स्कूल में भाई को लेने गई किशोरी से छेड़छाड़ के मामले में स्कूल संचालक को पुलिस ने जेल भेज दिया। वहीं, दूसरे दिन भी स्कूल में कोई बच्चा पढ़ने नहीं आया। इससे स्कूल में तालाबंदी रही।
बताते चलें कि झींझक स्थित आक्सफोर्ड किड्स पब्लिक स्कूल में कस्बा निवासी चार वर्षीय बच्चा प्ले ग्रुप में पढ़ता है। उसकी बारह वर्षीय बहन बच्चे को स्कूल से लेने गई तो स्कूल संचालक ने किशोरी से छेड़छाड़ कर दी। इसकी जानकारी किशोरी ने परिजनों को दी थी। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी स्कूल संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर स्कूल संचालक को जेल भेज दिया।
स्कूल संचालक के किशोरी से छेड़छाड़ की जानकारी अन्य बच्चों को हुई तो शनिवार को स्कूल में कोई बच्चा पढ़ने नहीं आया। इस कारण शनिवार को स्कूल बंद रहा। खंड शिक्षा अधिकारी ज्ञानप्रकाश अवस्थी ने बताया कि स्कूल नहीं खुला है। नोटिस का जवाब न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।