डेरापुर थाना क्षेत्र के बिहार घाट के पास गलत दिशा से जा रही बच्चों से भरी स्कूल बस ने सामने से बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल ले गए, जहां से कानपुर रेफर किया गया। बता दें कि दुर्घटना के समय बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने था।
रूरा थाना क्षेत्र के तिगांई गांव निवासी सरवन कुमार (32) पुत्र राम प्रसाद रसधान स्थित देसी शराब ठेके पर नौकरी करता है। शनिवार की दोपहर वह मोटर साइकिल से अपने गांव जा रहा था। तभी बिहार घाट गांव के पास हाइवे पर गलत दिशा से आ रहे डा. भूपति सिंह किड्स एजूकेशन सेंटर अकबरपुर की स्कूल बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
वह उछल कर सड़क पर गिर गया। बस की टक्कर इतनी तेज थी कि सरवन के सिर में गंभीर चोटों के साथ दाहिनी आंख बाहर आ गई। यह देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजकर परिजनों को सूचना दी। जिला अस्पताल में गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया।
दूसरी ओर बस चालक व परिचालक बच्चों से भरी बस को मौके पर छोड़ कर फरार हो गए। बिहार घाट चौकी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि बस को कब्जे में लेकर स्कूल प्रबंधक को सूचना देकर दूसरी बस से बच्चों को घर भेजा गया। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।