हवाई पट्टी की बन रही बाउंड्रीवाल।
- फोटो : अमर उजाला
कसबे में हवाई पट्टी का काम शुरू हो गया है। हवाई पट्टी के लिए ड्रेन, बाउंड्री वॉल आदि का तीस प्रतिशत काम भी पूरा हो चुका है। लेकिन निर्माण स्थल पर कोई सूचना का बोर्ड नहीं लगे होने से योजना की लागत का पता नहीं चल सका। उधर, स्थानीय लोगों में हवाई पट्टी के बनने से खुशी है।
बता दें कि शिवली क्षेत्र के चार गांव भेवान, बारनपुर कहिंजरी, काशीपुर और मरहमताबाद गांव की जमीन को मिलाकर हवाई पट्टी का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। हवाई पट्टी तीन किलोमीटर लंबी व साढ़े तीन सौ मीटर चौड़ी होगी। जिले के लोग हवाई यात्रा का आनंद उठा सकेंगे।
हवाई पट्टी का निर्माण करवा रही कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर पवन नैने ने कहा कि ड्रेन, बाउंड्री वाल का करीब तीस प्रतिशत काम पूरा हो गया है। उन्होंने स्वीकार किया कि योजना स्थल पर जानकारी वाला कोई बोर्ड नहीं लगा। काम होने के बाद बोर्ड लगवाया जाएगा। मिट्टी पुराई का काम करा रहे मनोज मलिक ने कहा कि हवाई पट्टी में मिट्टी पुराई को हरी झंडी मिल गई है।
मानव सेवा संगठन के अध्यक्ष मोहित त्रिवेदी ने कहा कि योजना स्थल पर बोर्ड नहीं लगाया है। लागत योजना का बोर्ड लगाया जाना चाहिए। इस संबंध में एडीएम (प्रशासन) शिवशंकर गुप्ता ने बताया कि ठेकेदार स्तर से काम कराया जा रहा है, वहीं से काम देखा जा रहा है। इसकी जानकारी नहीं है।