उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के नेतृत्व में संविदा कर्मियों का कार्य बहिष्कार गुरुवार को जारी रहा। दोपहर को संविदा कर्मियों ने माती से अकबरपुर तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
जिलाध्यक्ष डा. जीपी द्विवेदी, महामंत्री भोलेंद्र सिंह, संयोजक रत्नेश वाजपेयी के नेतृत्व में संविदा कर्मी सीएमओ दफ्तर में एकत्रित हुए और धरना प्रदर्शन कर सरकार के प्रति नाराजगी जताई। नेताओं ने दो-टूक लहजे में कहा कि मांगें पूरी न होने तक काम नहीं करेंगे। सभी ब्लाकों से आईं आशा ने बढ़-चढ़कर पैदल मार्च में हिस्सा लिया।
पैदल मार्च के दौरान हक व हितों की आवाज बुलंद कर रहे संविदा कर्मियों ने कहा कि इस बार मांगें मनवाकर ही दम लेंगे। सरकार को तानाशाही रवैया त्यागकर संविदा कर्मियों को उनका हक देना पड़ेगा। कहा कि संक्रामक बीमारी फैलने के दौर में हड़ताल से जनता को होने वाली परेशानी के लिए शासन व सरकार जिम्मेदार है, जिसने उन्हें कार्य बहिष्कार के लिए मजबूर कर दिया है।
पैदल मार्च के दौरान डा. आफताब आलम, अमिताभ वर्मा, यतेंद्र शर्मा, धर्मेंद्र सिंह, संदीप, तरुण श्रीवास्तव, आकाश, अंकित, प्रदीप, शिवम, अशोक, साबिर, गौरीशंकर, डा. शीलू, अंजू शर्मा, मंजू, ममता कटिया, ऊषा, अनीता, ललिता, शशिकांती, छुन्नी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।