सजेती में एक मकान के बाहर भरा पानी।
- फोटो : अमर उजाला
तीन-चार दिन से हो रही बारिश से सजेती में जगह-जगह जलभराव हो गया है। कानपुर-सागर राजमार्ग के किनारे बसे दो मोहल्लों में लोगों के घरों के भीतर तक पानी घुस जाने से समस्या गहरा गई है।
कसबा निवासी राकेश कुरील, राधेलाल, राजू, बबलू, कैलाश कुरील, अशोक, रामप्रताप, अजय कुमार और रमेश चंद्र ने बताया कि कानपुर-सागर राजमार्ग का निर्माण करवाने वाली कंपनी ने कसबे के भीतर रोड के दोनों ओर बरसाती पानी की निकासी के लिए नाला बनवाने का आश्वासन दिया था लेकिन सिर्फ आधे कसबे में ही नाला बना है। बताया कि जो नाला बना है, वह काफी ऊंचा है। इससे रोड का पानी तो निकल जाता है लेकिन बस्ती के अंदर का पानी नहीं निकल रहा है। कसबे के निवासियों ने बताया कि बीते दिनों हुई बारिश से उनके घरों के बाहर लबालब पानी भरने से तालाब जैसा नजारा दिखाई दे रहा है।
वहीं, जलभराव होने से बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ रहा रहा है। उन्होंने बताया कि पानी में तैरकर विषैले जीव-जंतु सांप-बिच्छू, विषखोपरा और मेंढक-कछुआ भी उनके घरों के भीतर पहुंच रहे हैं। जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने तहसील में उप जिलाधिकारी सुखवीर सिंह को एक प्रार्थना पत्र दिया। एसडीएम ने राजस्व निरीक्षक को जांच करके रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि वह कसबे के भीतर नाला निर्माण करवाने के लिए पीएनसी के अधिकारियों से वार्ता करेंगे।