फोटो- 22 जीटीआरपी 7- कुड़नी कसबे के मंदिर में स्थापित भव्य हनुमान जी की मूर्ति।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बुढ़वा मंगल के लिए हनुमान मंदिरों में तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। भक्तों ने बताया कि बुढ़वा मंगल 25 सितंबर को है। कसबा पतारा के रेलवे स्टेशन के पास और भीतरगांव क्षेत्र के कुड़नी कसबे में भव्य मेले लगेंगे। जबकि कसबा घाटमपुर, तिलसड़ा, तेजपुर और दुरौली गांव के मंदिरों में बुढ़वा मंगल पर भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण किया जाना है।
भीतरगांव प्रतिनिधि के अनुसार कुड़नी कसबा स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर की दूर-दूर तक ख्याति है। यहां पर प्रत्येक मंगलवार को जहां मेला लगता है। वहीं, कुछ खास पर्वों पर भक्तों की भारी भीड़ पहुंचती है। बुढ़वा मंगल में पनकी (कानपुर) के हनुमान मंदिर की तरह हजारों भक्तों की भीड़ पहुंचती है। जिसके चलते प्रशासन को विशेष व्यवस्थाएं करनी पड़ती हैं। इस बार भी बुढ़वा मंगल पर मंदिर पहुंचने वाले भक्तों की निगरानी सीसीटीवी के जरिए की जाएगी।
मंदिर की देखरेख करने वाले शिवनरायण सैनी, राधा सैनी, प्रह्लाद सैनी, बेबी सैनी और चंद्रपाल सैनी ने बताया कि मंदिर गर्भगृृह में स्थापित बजरंगबली की भव्य मूर्ति एक शिलापट पर आठ रूपों के साथ विराजमान है। जबकि, परिसर में बने प्राचीन शिलापट पर भी देवनागरी लिपि में नौ लाइनें लिखीं हैं। जिसे आचार्य लोग अष्टसिद्धि और नौ निधि से जोड़कर व्याख्या करते हैं।
पतारा प्रतिनिधि के अनुसार कसबे के रेलवे स्टेशन के पास बने प्राचीन हनुमान मंदिर में बुढ़वा मंगल की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शनिवार को मंदिर के गुंबद और गर्भगृह की रंगाई-पुताई का काम पूरा करवा दिया गया। जबकि, परिसर और मेला मैदान की साफ-सफाई का काम शुरू कराया गया है। मंदिर कानपुर-बांदा रेल लाइन के किनारे स्थित होने से बुढ़वा मंगल पर बुंदेलखंड से बड़ी संख्या में लोग दर्शन करने आएंगे। हनुमान मंदिर रेलवे स्टेशन से मात्र 300 मीटर की दूरी पर स्थित है।